मौसम में आ रहे बदलाव और तापमान में उतार चढ़ाव का असर लोगों की सेहत पर दिखाई दे रहा है। बीके अस्पताल में सर्दी-जुकाम, खांसी, बुखार और वायरल के मरीजों की संख्या लगभग 10 फीसदी तक बढ़ गई है। दिन और रात के तापमान में अंतर होने के कारण लोग अधिक बीमार हो रहे हैं।
विज्ञापन
बीके अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक अधिकारी डॉ. मोहित अग्रवाल ने बताया कि सुबह और शाम को ठंड और दिन में गर्मी होने की वजह से लोग लापरवाही बरत रहे हैं। कई लोग दिन में हल्के कपड़े पहन लेते हैं और शाम को ठंड में गर्म कपड़े नहीं डालते, जिससे सर्दी-जुकाम, फीवर और वायरल हो जाता है।
इसके अलावा कई लोग दिन में एसी और पंखे का अधिक इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे इसका असर लोगों के शरीर पर हो रहा है। उन्होंने ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि इस बदलते मौसम में अभी सुबह और शाम के समय गर्म कपड़े पहनना जरूरी है।
विज्ञापन
इसके साथ ही बाहर के तले-भुने और ठंडे खाद्य पदार्थों से बचने की आवश्यकता है। ठंडी और खट्टी चीजों का अधिक सेवन करने से रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो सकती है, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। यदि किसी को सर्दी, खांसी, वायरल या बुखार हो तो तुरंत डॉक्टर को पास जाकर उनसे सलाह लें और खुद से दवा न लें।