जेसी बोस विश्वविद्यालय के विद्यार्थी और प्रोफेसर मिलकर तैयार कर रहे वाटर क्वालिटी मॉनिटरिंग डिवाइस
पानी का तापमान, टीडीएस, टर्बिडिटी, क्लोरीन और जलस्तर की करेगा जांच, खराबी होने पर फोन पर मिलेगा अलर्ट
गौरव मिश्रा
फरीदाबाद। स्कूल, कॉलेज, सरकारी कार्यालय और सार्वजनिक स्थानों पर लगे वाटर कूलर के पानी की गुणवत्ता की जांच अब मोबाइल से की जा सकेगी। इसके लिए जेसी बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के विद्यार्थी और प्रोफेसर मिलकर एक विशेष डिवाइस तैयार कर रहे हैं।
कई तरह के सेंसर को मिलाकर बनाए जा रहे इस डिवाइस को वाटर कूलर के अंदर लगाया जाएगा। यह पानी का तापमान, टीडीएस, टर्बिडिटी, क्लोरीन की मात्रा और पानी के स्तर की जानकारी देगा। खास बात यह है कि डिवाइस वायरलेस तरीके से मोबाइल से जुड़ा होगा। पानी की गुणवत्ता या वाटर कूलर में किसी तरह की गड़बड़ी होने पर संबंधित व्यक्ति को फोन पर नोटिफिकेशन मिल जाएगा।विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर लगे वाटर कूलर की नियमित निगरानी नहीं हो पाती है। कई जगह सालों तक इनकी सफाई नहीं होती और न ही इनके अंदर की स्थिति की जांच की जाती है। ऐसे में लोगों को पता नहीं चल पाता कि उन्हें मिलने वाला पानी पीने योग्य है या नहीं। कई बार वाटर कूलर से गर्म पानी आने लगता है लेकिन इसकी वजह का भी समय पर पता नहीं चलता। इसी समस्या को देखते हुए इस डिवाइस को बनाने का विचार आया।
डिवाइस को वाटरप्रूफ बनाया जा रहा है, ताकि इसे वाटर कूलर में सुरक्षित तरीके से लगाया जा सके। इसमें लगे अलग-अलग सेंसर पानी के विभिन्न मानकों की निगरानी करेंगे। इसके लिए बार-बार किसी कर्मचारी को वाटर कूलर खोलकर जांच करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। संबंधित व्यक्ति घर बैठे मोबाइल से पानी की गुणवत्ता और तापमान देख सकेगा। किसी भी मानक में गड़बड़ी सामने आने पर अलर्ट मिलने से समय रहते सुधार किया जा सकेगा। प्रोजेक्ट पर इसी साल फरवरी में काम शुरू किया गया था। इसी महीने तक डिवाइस तैयार करने का लक्ष्य है। इसके बाद दिसंबर से विश्वविद्यालय परिसर में लगे सभी वाटर कूलर में इसे लगाकर परीक्षण किया जाएगा। परीक्षण सफल रहने पर निजी स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी संस्थानों से संपर्क कर इसका दायरा बढ़ाने की योजना है।
बातचीत
इस डिवाइस का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर उपलब्ध पेयजल की गुणवत्ता पर लगातार नजर रखना है। - डॉ रोहित त्रिपाठी, प्रोफेसर
अलग-अलग सेंसर को एक प्लेटफॉर्म पर जोड़कर ऐसी व्यवस्था तैयार कर रहे हैं, जिससे जानकारी मोबाइल पर मिल सकेगी। -मुनीष वशिष्ठ, प्रोफेसर
हमने सार्वजनिक वाटर कूलर की समस्याओं को देखकर यह विचार विकसित किया। कोशिश है कि तकनीक से पानी की निगरानी आसान बने। -हृदय, छात्र
अब बस काम पूरा ही होने वाला है। ऐसे में जल्द से जल्द परीक्षण का इंतजार है, जिससे सफलतापूर्ण तरीके से इसे आगे ले जाया जा सके। -यशवर्धन, छात्र