जिले में डेंगू और मलेरिया के बढ़ते मरीजों की संख्या को ध्यान में रखकर लिया गया है निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले में डेंगू और मलेरिया के मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। शुक्रवार तक डेंगू के 105 और मलेरिया के 28 मरीजों की पहचान की गई है। इसे ध्यान में रखते हुए स्कूलों ने ड्रेस कोड में बदलाव करने का निर्णय लिया है। सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थी अगले सप्ताह से फुल शर्ट और पैंट पहनकर ही स्कूल आएंगे।
इस संबंध में शिक्षा विभाग की ओर से दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं। स्कूलों में जल जनित बीमारियों से बचाव के लिए स्कूल के शिक्षक को ही नोडल अधिकारी के रूप में तैनात किया जाएगा, जो विद्यार्थियों को इन बीमारियों के प्रति जागरूक करेंगे। अभी तक राजकीय स्कूलों के विद्यार्थी हाफ पैंट और शर्ट पहनकर आते हैं। उन्हें निर्देश दिया गया है कि वह विद्यालय में फुल पैंट-शर्ट पहनकर आएं। जिससे कि मच्छरों से फैलने वाली बीमारियां जैसे डेंगू, मलेरिया इत्यादि से बचा जा सके। इसके अलावा यदि विद्यालय में कोई छात्र या छात्रा बुखार से पीड़ित है तो उसकी सूचना तुरंत स्कूल प्रबंधन को दे।
वर्जन
डेंगू व मलेरिया को ध्यान में रखते हुए सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों में ड्रेस कोड में बदलाव का निर्णय लिया गया है। जिससे कि स्कूली बच्चों को डेंगू व मलेरिया से बचाया जा सकें।
अजीत सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी