- हाईवे और एक्सप्रेसवे पर तीन स्थानों पर डाले जा रहे पाइप
- सेक्टरों समेत अन्य क्षेत्रों में पानी भरने की समस्या का होगा स्थाई समाधान
फोटो
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शहर के बीच से गुजर रहे दिल्ली-मथुरा राष्ट्रीय राजमार्ग और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के आसपास बने सेक्टरों और सोसाइटियों में से अब बारिश का पानी जमा नहीं होगा, साथ ही वह अब आसानी से निकल सकेगा। इसके लिए दोनों राष्ट्रीय राजमार्गों पर तीन स्थानों पर बड़े पाइप डाले जा रहे हैं। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) यह काम तेजी से कर रहा है। इस कार्य को 10 दिन में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। यह जानकारी उपायुक्त विक्रम सिंह ने दी।
इन पाइपों को नगर निगम द्वारा अपनी लाइनों से जोड़कर डिस्पोजल तक भेजा जाएगा और पूरा बरसाती पानी दिल्ली आगरा नहर तक पहुंचा दिया जाएगा। उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि शहर में बरसात के दौरान दोनों राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों तरफ सेक्टरों व काॅलोनियों में पानी भर जाता था। इससे यातायात बाधित रहने की समस्या रहती है। एनएचएआई के अधिकारियों को इस समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए गए। इस पूरे मामले को दिल्ली में एनएचएआई के वरिष्ठ अधिकारियों के सामने उठाया गया और एनएचएआई ने इस पूरे मामले को लेकर सकारात्मक रुख दिखाया। अब इसमें जमीनी स्तर पर कार्य शुरू कर दिया गया है। इसके तहत तीन स्थानों जिनमें खेड़ी पुल के पास, नजदीक बीपीटीपी पुल (सेक्टर-13-14 डिस्पोजल) और डीएनडी-फरीदाबाद बाईपास-सोहना (एनएच-148एनए) सेक्टर-9 डिस्पोजल के पास पर 900 एमएम के पाइप दबाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि डीएनडी-फरीदाबाद बाईपास-सोहना (एनएच-148एनए) सेक्टर-9 डिस्पोजल से दिल्ली-आगरा रोड (एनएच-19) व आसपास के क्षेत्र में भरने वाले पानी के डिस्पोजल में मदद मिलेगी। उपायुक्त ने बताया कि इस कार्य के लिए एनएचएआई के अधिकारियों की नगर निगम के इंजीनियरिंग विंग के साथ एक तालमेल टीम बनाई गई है। उन्होंने बताया कि कई क्षेत्रों में पानी भरने की समस्या के मद्देनजर यह कार्य शहर के लाखों लोगों के लिए राहत भरा कदम साबित होगा।