संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। मरम्मत कार्य के चलते सोहना पुल को बंद कर दिया गया है। इस कारण अब रोडवेज की बसें जेसीबी चौक से होते हुए सरमथला व पाली के रास्ते सोहना जा रही है।
डीआई भागीरथ शर्मा ने बताया कि डिपो से हर रोज सोहना के दो रूटों से 10 से 12 बसों को रवाना किया जाता है। उन्होंने बताया कि एक रूट उनका सोहना पुल के ऊपर से पाली होते हुए सोहना को जाती है, वहीं दूसरी बस सरमथला होकर सोहना को जाती है। 22 जुलाई से मरम्मत कार्य के चलते सोहना पुल को बंद कर दिया गया है। इसके कारण अब पाली वाली बसें जेसीबी चौक के रास्ते पाली से सोहना जा रही है। पुल के बंद होने से बस को घूमकर जाना पड़ रहा है, लेकिन यात्रियों के किराए में बढ़ोतरी नहीं की गई है। यात्री राकेश ने बताया कि वह पाली में नौकरी करते हैं। पहले उनको अपनी कंपनी तक पहुंचने में रोडवेज बस से आधे घंटे का समय लगता था, लेकिन अब पुल बंद होने की वजह से उनको करीब एक घंटे का समय लगता है क्योंकि बस सेक्टर 58 में कंपनियों के बीच से होकर गुजरती है। इससे समय ज्यादा लगता है।