पुलिस महानिदेशक के आदेश पर गुड़गांव पुलिस की ओर से नाउ द स्टेटस ऑफ योर केस/कंप्लेंट नामक कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। इसके शुरू होने से शिकायतकर्ता को पुलिस थाने में दी गई शिकायत की वर्तमान स्थिति का पता चल सकेगा।
देखा गया है कि किसी भी शिकायतकर्ता द्वारा जब किसी थाने में शिकायत दी जाती है या केस दर्ज कराया जाता है तो उसे उस शिकायत या केस की वर्तमान स्थिति का ज्ञान नहीं होता है और न ही अभी तक थाना स्तर पर ऐसी कोई प्रणाली है, जिससे शिकायतकर्ता को उसकी शिकायत या केस में चल रही प्रगति, गिरफ्तारी, चोरी की संपत्ति की बरामदगी आदि या केस का कोर्ट में चालान दिये जाने के बारे में अवगत कराया जा सके।
पुलिस कार्रवाई को और अधिक प्रभावी व पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। कार्यक्रम के तहत प्रत्येक माह के अंतिम शनिवार व रविवार को सुबह 9 बजे से 11 बजे के बीच प्रत्येक थाने का पर्यवेक्षक अधिकारी, थाना प्रबंधक, केस का जांच अधिकारी थाने की केस फाइल या शिकायत के साथ मौजूद रहेंगे, और कोई भी पीड़ित व्यक्ति अपनी शिकायत या केस की वर्तमान स्थिति के बारे में उनसे पता कर सकेगा।
पुलिस आयुक्त नवदीप विर्क ने कहा कि किसी भी व्यक्ति द्वारा दी गई शिकायत या केस जिसकी जांच थाने में विचाराधीन है, उसकी प्रगति या वर्तमान स्थिति के बारे में प्रत्येक माह के अंतिम शनिवार व रविवार को थाने से जानकारी ली सकती है।