जिले में यूपीएससी परीक्षा के लिए बनाए गए 37 केंद्र
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा 24 मई को आयोजित होने वाली सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। दो पालियों में होने वाली इस परीक्षा के सफल एवं पारदर्शी संचालन को लेकर मंगलवार को सेक्टर-12 स्थित एचएसवीपी कन्वेंशन हॉल में बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अंजलि श्रोत्रिया ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी भी स्तर पर कोई अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने सभी सेंटर सुपरवाइजर्स को कड़े निर्देश जारी किए हैं कि उन्हें अनिवार्य रूप से नो रिलेशन सर्टिफिकेट जमा करवाना होगा। इस सर्टिफिकेट के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि संबंधित अधिकारी या सुपरवाइजर का कोई भी सगा-संबंधी या रिश्तेदार उस केंद्र पर परीक्षा में सम्मिलित नहीं हो रहा है। इसके साथ ही, सभी सुपरवाइजर्स को दो दिन के भीतर अपने-अपने केंद्रों पर पेयजल, बिजली, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, वॉल क्लॉक और इंटरनेट कनेक्टिविटी जैसी मूलभूत सुविधाओं की विस्तृत रिपोर्ट भी प्रशासन को सौंपनी होगी। एडीसी ने बताया कि इस बार परीक्षा की पारदर्शिता को और मजबूत करने के लिए केंद्रों पर फेस ऑथेंटिकेशन प्रक्रिया लागू की जा रही है। इसके सफल क्रियान्वयन के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्थिर वाई-फाई कनेक्शन होना अनिवार्य किया गया है। इस बैठक में बड़खल एसडीएम त्रिलोक चंद, फरीदाबाद एसडीएम डॉ. हनी बंसल, बल्लभगढ़ एसडीएम मयंक भारद्वाज, सीटीएम अंकित कुमार, सीएमओ डॉ. जयंत आहूजा तथा जिला शिक्षा अधिकारी अंशु सिंगला सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
एक सेंटर विशेष रूप से दिव्यांगों के लिए निर्धारित
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, जिले में 37 केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें से एक केंद्र विशेष रूप से दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित रखा गया है। परीक्षा दो शिफ्टों में होगी, जिसमें पहली शिफ्ट सुबह 9:30 से 11:30 बजे (पेपर-1) और दूसरी शिफ्ट दोपहर 2:30 से 4:30 बजे (पेपर-2) तक आयोजित की जाएगी।
भीषण गर्मी को देखते हुए मेडिकल टीम और एंबुलेंस रहेगी तैनात
मई के महीने में पड़ रही भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए एडीसी ने परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए विशेष प्रबंध करने को कहा है। सभी केंद्रों पर स्वच्छ पेयजल, डिस्पोजेबल ग्लास, छायादार प्रतीक्षा स्थल और आपातकालीन चिकित्सा सहायता की व्यवस्था रहेगी। स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा के दौरान आवश्यकतानुसार केंद्रों पर एंबुलेंस और मेडिकल टीमें पूरी तरह अलर्ट मोड पर तैनात रहें।