फरीदाबाद। जिले में सोमवार को कोरोना का कोई भी नया मामला नहीं मिला। करीब 14 माह बाद जिले में यह स्थिति देखने को मिली। इससे पूर्व अप्रैल माह में हालात इतनी बेहतर स्थिति में रहे। वहीं, पिछले 12 दिनों से जिले में किसी कोरोना संक्रमित की मौत भी नहीं हुई है। जिला स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 29 अप्रैल 2020 को जिले में एक भी कोरोना संक्रमित नहीं मिला था।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में बीते वर्ष 29 अप्रैल के बाद से हर दिन नए मामले सामने आ रहे हैं, वहीं जिले में पहला कोरोना मामला भी इसी माह 20 अप्रैल को मिला था। स्पेन से लौटी महिला मरीज में सबसे पहले कोविड-19 की पुष्टि हुई थी। इसके बाद से हर दिन जिले में कोरोना के मामले ट्रेस हो रहे हैं। जिले में अभी तक कुल 99 हजार 707 कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें से 98 हजार 912 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। अभी तक जिले में 716 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है। फिलहाल 79 मामले उपचाराधीन हैं। इनमें से 43 अस्पताल में भर्ती हैं। शेष 36 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। वहीं, 16 मरीज ऑक्सीजन पर हैं और वेटिंलेटर पर कोई मरीज नहीं है। कोविड-19 के नोडल अधिकारी डॉ. रामभगत ने बताया कि सोमवार को 2859 सैंपल लिए गए। इनमें से 657 सैंपल की रिपोर्ट आने का इंतजार है। जिले में अभी तक कुल 9 लाख 20 हजार 118 सैंपल लिए जा चुके हैं। फिलहाल प्रति एक लाख की आबादी पर 51 हजार 118 सैंपल लिए जा रहे हैं।
वर्जन-
बीते 24 घंटों में जिले में कोरोना संक्रमण का कोई नया मामला सामने नहीं आया। एक्टिव मामले भी बेहद कम हो गए हैं। हालांकि कोरोना एक वायरस है, इसे हल्के में लेने की गलती दो बार भारी पड़ चुकी है। ऐसे में लोगों को बेहद सतर्क रहने की जरूरत है। थोड़ी सी लापरवाही भी तीसरी लहर को न्यौता दे सकती है। - डॉ. रणदीप सिंह पुनिया, मुख्य चिकित्सा अधिकारी