फरीदाबाद। ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी रखने के साथ सभी सुरक्षा उपकरणों को हर समय चालू हालत में रखा जाए। यह निर्देश जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बुधवार को सेक्टर-12 खेल परिसर स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान सीटीएम अंकित कुमार भी मौजूद रहे। उपायुक्त ने वेयरहाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों, अग्निशमन उपकरणों, साफ-सफाई और सुरक्षा से जुड़े अन्य इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से सुरक्षा उपकरणों की कार्यशीलता और निगरानी व्यवस्था के बारे में जानकारी भी ली।