सभी विभाग एक-दूसरे की जिम्मेदारी बताकर समस्या को कर रहे अनदेखा संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-21डी वेस्ट विंग के लोग इन दिनों लेबर चौक के नजदीक खोदे गए गड्ढे से परेशान हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि गड्ढा पिछले चार पांच-महीने से इसी प्रकार खुदा पड़ा है। यह किस विभाग की ओर से खोदा गया है, इसकी कोई जानकारी नहीं है। आए दिन इस गड्ढे की वजह से लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। लेकिन कोई भी विभाग इसकी जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है।
आरडब्ल्यूए सेक्टर-21 डी वेस्ट विंग के प्रेसिडेंट राकेश खन्ना ने बताया कि लेबर चौक के पास पिछले चार-पांच महीने से एक बड़ा गड्ढा खोद कर छोड़ दिया है। इसके कारण लोग रोजाना हादसों का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस खड्ढे की शिकायत एलएनटी को दी। उन्होंने इसे भरने की जिम्मेदारी एमसीएफ की बनती है कहकर परेशानी को अनसुना कर दिया। इसके बाद जब इसकी शिकायत नगर निगम से की गई तो निगम ने भी जिम्मेदारी नहीं लेते हुए एफएमडीए विभाग को शिकायत करने को कहा। राकेश खन्ना ने कहा कि एफएमडीए को भी शिकायत दे चुके हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। खन्ना का कहना है कि किसी भी विभाग में इस समस्या का कोई हल नहीं होने से ऐसा लग रहा है कि फिलहाल जिला प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। कई बार शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं की जा रही है।
-
वीना शर्मा