फरीदाबाद। जन संवाद और समाधान शिविरों में आने वाली शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही नहीं चलेगी। सभी अधिकारी सुनिश्चित करें कि कोई भी शिकायत निर्धारित समयसीमा के बाद लंबित न रहे। शिकायतों की नियमित निगरानी करने के साथ शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई की वास्तविक स्थिति से भी अवगत कराया जाए। उपायुक्त आयुष सिन्हा ने शुक्रवार को अधिकारियों को ये निर्देश दिए। इससे पहले हरियाणा सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के प्रधान सचिव डी. सुरेश ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के उपायुक्तों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें जन संवाद और समाधान शिविरों की लंबित शिकायतों पर चर्चा की गई।
बैठक के बाद उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का केवल औपचारिक निस्तारण करने के बजाय उनका स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। जिन मामलों में जांच जरूरी है, उनमें जांच के कारण और निस्तारण में लगने वाले समय की स्पष्ट जानकारी रखी जाए। शिकायतों की स्थिति और लंबित मामलों का ब्योरा नियमित रूप से अपडेट किया जाए।
उपायुक्त ने कहा कि शिकायत के निस्तारण के बाद कार्रवाई रिपोर्ट (एटीआर) सभी आवश्यक तथ्यों और दस्तावेजों के साथ अपलोड की जाए। कोई भी डीडीओ बिना हस्ताक्षर और मुहर के एटीआर अपलोड न करे। अधिकारियों को अपने डीडीओ लॉगिन नियमित रूप से चेक करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, एसडीएम त्रिलोक चंद, डॉ. हनी बंसल, मयंक भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।