एक माह तक ट्रैफिक दबाव बढ़ने के आसार, निगम ने अपनाया सख्त रुख
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। एनएचपीसी चौक से बाईपास तक के निर्माण में गुणवत्ता संबंधी खामियां मिलने के बाद नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। करीब एक माह पहले बनी सड़क को अब दोबारा तैयार कराया जाएगा। बृहस्पतिवार से ठेकेदार ने सड़क उखाड़ने का काम शुरू कर दिया है। इस कारण से आने वाले दिनों में इस रूट पर यातायात दबाव बढ़ने की संभावना है।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय पार्षदों ने शिकायत दी थी। इसके बाद मुख्य अभियंता विवेक गिल और कार्यकारी अभियंता नितिन कादियान ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की जांच की। निरीक्षण में तकनीकी खामियां सामने आने पर मुख्य अभियंता ने तुरंत काम रुकवा दिया और एजेंसी को सड़क दोबारा बनाने के निर्देश दिए।
यह सड़क एनएचपीसी चौक से सूरजकुंड रोड और बाईपास को जोड़ती है। साथ ही इसे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे लिंक रोड के रूप में भी महत्वपूर्ण माना जाता है। रोजाना हजारों वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं ऐसे में निर्माण कार्य दोबारा शुरू होने से लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ सकता है।
नगर निगम ने ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस को पत्र भेजा है। अधिकारियों का कहना है कि निर्माण के दौरान इस हिस्से में यातायात पूरी तरह बंद रखा जाएगा, ताकि काम तेजी और सुरक्षित तरीके से पूरा हो सके।
कार्यकारी अभियंता नितिन कादियान ने बताया कि सड़क निर्माण पूरा होने में करीब एक माह का समय लगेगा। उन्होंने कहा कि सड़क को निर्धारित मानकों के अनुसार दोबारा बनाया जाएगा, ताकि भविष्य में लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। करीब एक करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के लिए एनएचपीसी की ओर से वित्तीय सहयोग दिया जा रहा है। अब निगम की कार्रवाई को निर्माण गुणवत्ता पर जवाबदेही तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।