प्रशासन ने की दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान, साइन बोर्ड लगाने और सड़कों की खामियां दूर करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने और यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से प्रशासन ने एक साथ कई अहम फैसले लिए हैं। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान, डेथ ऑडिट और रोड सेफ्टी ऑडिट के साथ-साथ 35 प्रमुख स्थानों पर नई ट्रैफिक लाइटें लगाने, अत्याधुनिक सॉफ्टवेयर के माध्यम से ट्रैफिक नियम उल्लंघन की निगरानी, बिना नंबर प्लेट के वाहनों पर सख्ती, सड़कों की खामियों को प्राथमिकता से दूर करने और स्पष्ट चेतावनी साइन बोर्ड लगाने जैसे कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे आम नागरिकों को सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था मिल सके।
मुख्य रूप से शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 35 विभिन्न स्थानों पर नई ट्रैफिक लाइटें स्थापित की जा रही हैं। आरटीए सचिव मुनीश सहगल द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट के अनुसार इन स्थानों में बीपीटीपी और बड़खल जैसे व्यस्त क्षेत्र भी शामिल हैं, जहां यातायात का दबाव अधिक रहता है। इन ट्रैफिक लाइटों के लगने से जाम की स्थिति में सुधार होगा और दुर्घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद है।
दुर्घटनाओं के मूल कारणों की पहचान समाधान पर जोर
उपायुक्त आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में एसडीएम अमित कुमार की अध्यक्षता में लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित बैठक में सड़क दुर्घटनाओं के कारणों की गहन समीक्षा की गई। बैठक में डेथ ऑडिट और रोड सेफ्टी ऑडिट के जरिए दुर्घटनाओं के मूल कारणों की पहचान कर प्रभावी समाधान लागू करने पर जोर दिया गया।
अत्याधुनिक सॉफ्टवेयर से ट्रैफिक उल्लंघन करने वालों पर नजर
एसडीएम अमित कुमार ने निर्देश दिए कि ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन की पहचान के लिए आधुनिक तकनीक आधारित सॉफ्टवेयर विकसित किया जाए। यह सॉफ्टवेयर अवैध पार्किंग, गलत दिशा में वाहन चलाना, बिना हेलमेट ड्राइविंग, बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों और पैदल यात्रियों द्वारा नियमों के उल्लंघन जैसी गतिविधियों को स्वतः पहचान सकेगा और संबंधित सूचना पुलिस विभाग को भेजेगा, जिससे तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित होगी।
दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में चेतावनी संकेतक
प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि सभी दुर्घटना संभावित स्थानों पर स्पष्ट साइन बोर्ड लगाए जाएं। इन संकेतकों के माध्यम से वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को पहले से सतर्क किया जाएगा, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।
सड़कों की खामियों को प्राथमिकता से सुधारने के निर्देश
एसडीएम अमित कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन सड़कों पर दुर्घटनाएं अधिक हो रही हैं, वहां गड्ढों, टूटी ग्रिल, खराब साइन बोर्ड और अपर्याप्त प्रकाश व्यवस्था जैसी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर ठीक किया जाए। इससे सड़क पर चलने वाले लोगों को बेहतर और सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा।
गलत दिशा में ड्राइविंग पर लगातार कार्रवाई
आरटीए विभाग द्वारा गलत दिशा में ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ चालान और जुर्माने की कार्रवाई जारी है। अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान को और तेज किया जाएगा ताकि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ-साथ रोड सेफ्टी से जुड़े अन्य प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही, जहां सभी ने मिलकर शहर को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए समन्वित प्रयासों पर बल दिया।