मंत्री ने तिगांव विधानसभा क्षेत्र की दो प्रमुख सड़कों का निर्माण शुरू कराया
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। रविवार को फरीदाबाद में दो बड़ी सड़कों का निर्माण कार्य शुरू हो गया। मंत्री राजेश नागर ने दोनों कार्य स्थानीय बुजुर्गों के हाथ नारियल फुड़वाकर शुरू कराए। इनकी लागत करीब 1.42 करोड़ रुपये आएगी।
इस अवसर पर राजेश नागर ने बताया कि तिगांव से जुन्हेडा और तिगांव से बुखारपुर जाने वाली दो मुख्य सड़कों को बनाने का काम शुरू किया गया है। इन सड़कों के बनने से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। जिससे बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों को लाभ होगा।
उन्होंने बताया कि तीन महीने के अंदर इन सड़कों को बना दिया जाएगा। हालांकि इन सड़कों को बनाने का एस्टीमेट बहुत पहले तैयार हो गया था और टेंडर भी हो गया था, लेकिन ग्रामीणों की मांग थी कि उनकी सड़कें इंटरलॉकिंग टाइल की न बनाकर आरसीसी की बनवाई जाए। इसलिए हमने उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए पूर्व का टेंडर रद्द कर अब नए एस्टीमेट के तहत आरसीसी की सड़कें बनाने का काम शुरू हुआ है।
मंत्री नागर ने बताया कि खरीफ की फसल खरीद के लिए अनाज मंडियां पूरी तरह तैयार हैं और अधिकारियों को सभी प्रकार की तैयारी के निर्देश दिए जा चुके हैं। वहीं राशन की वितरण व्यवस्था के लिए सभी जिला खाद्य अधिकारी मुस्तैद हैं। इसके बावजूद कहीं कोई शिकायत पाई जाएगी तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर उप चेयरमैन पवन नागर, पार्षद अनिल पाराशर, सरपंच प्रतिनिधि वेद प्रकाश अधाना, विक्रम प्रताप सरपंच, ग्रीवेंस सदस्य दयानंद नागर आदि लोग मौजूद रहे।