अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित गुडईयर मोड़ पर वर्षों से बरसात के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) की ओर से पानी निकासी पाइपलाइन बिछाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। निर्माण कार्य के चलते यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने हाईवे पर एक नया अस्थायी कट तैयार किया है, जिससे वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध हो सके।
पाइपलाइन निर्माण के कारण गुडईयर मोड़ से लेकर सेक्टर-4 कट स्थित एसबीआई शाखा के पास तक की सर्विस रोड को अस्थायी रूप से बंद किया गया है। इसके विकल्प के रूप में गुरुग्राम नहर पुल के निकट सर्विस रोड पर नया कट बनाया गया है। इस व्यवस्था से वाहन चालक आसानी से सर्विस रोड पर प्रवेश कर पा रहे हैं और उन्हें अतिरिक्त दूरी तय करने की आवश्यकता नहीं पड़ रही।
यातायात को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए मौके पर दिशा-सूचक बोर्ड और संकेतक भी लगाए गए हैं, ताकि वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। निर्माण कार्य के दौरान ट्रैफिक संचालन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
एफएमडीए अधिकारियों के अनुसार गुडईयर मोड़ पर बारिश के समय होने वाले जलभराव को समाप्त करने के लिए दो गहरे संग्रहण टैंक बनाए जा रहे हैं। इन टैंकों को गुरुग्राम नहर से जोड़ने के लिए बड़ी क्षमता की पाइपलाइन डाली जा रही है। बारिश के दौरान जमा होने वाले पानी को पंपसेट के माध्यम से सीधे नहर में छोड़ा जाएगा, जिससे सड़क पर पानी जमा नहीं होगा और यातायात बाधित नहीं होगा।
अधिकारियों का कहना है कि पाइपलाइन का कार्य इस माह के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना पूरी होने के बाद गुडईयर मोड़ पर लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। इससे न केवल वाहन चालकों को सुविधा मिलेगी, बल्कि बरसात के मौसम में जाम और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।