संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के राजकीय विद्यालयों में किताबें न होने के कारण परेशानी का सामना कर रहे छात्रों के लिए राहत भरी खबर है। फरीदाबाद खंड में रविवार को कक्षा तीन, चार, पांच और सातवीं की किताबों की आपूर्ति की जाएगी। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा सभी विद्यालय मुखियाओं को शाम छह बजे तक मोहर के साथ विद्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार शिक्षा विभाग द्वारा 15 अप्रैल तक सभी विद्यार्थियों को किताबें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे लेकिन इसके बाद भी स्कूलों में समय पर किताबें नहीं पहुंच पाई थीं। इसके चलते विद्यार्थी पुरानी किताबों के सहारे पढ़ाई कर रहे थे और नए सिलेबस को समझने में परेशानी हो रही थी। विद्यालयों में नया पाठ्यक्रम पहुंचने से छात्रों को राहत मिलेगी।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी बसंत कुमार ने कहा कि फरीदाबाद ब्लॉक के सभी विद्यालयों में जल्द ही किताबें पहुंचा दी जाएंगी। इस संबंध में खंड के सभी विद्यालय प्रमुखों को सूचित कर दिया गया है। नई किताबें मिलने से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही जिले के सभी छात्रों के हाथों में नई किताबें होंगी।