संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। आगामी चार मई यानी रविवार को 17 परीक्षा केंद्रों पर नीट की परीक्षा आयोजित होगी। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। परीक्षा के दौरान सरकारी दस्तावेज को छोड़कर किसी चीज को अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा केंद्र के प्रत्येक रूम में दीवार घड़ी लगी होगी।
शुक्रवार को जिला उपायुक्त विक्रम सिंह ने लघु सचिवालय में बैठक के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने परीक्षा के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के संबंध में अधिकारियों को आदेश दिए। परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थियों के लिए आरामदायक व समतल बेंच होनी चाहिए। जिससे की परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध बिजली की आपूर्ति की जाएगी। इसके साथ ही जनरेटर की सुविधा भी सुनिश्चित की जाए। दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए व्हील चेयर की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। परीक्षा सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगी।
परीक्षा का आयोजन दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक किया जाएगा। परीक्षार्थियों को सुबह 11 बजे से प्रवेश की अनुमति दी जाएगी, जबकि दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जाएगा।