संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। नवरात्र को देखते हुए शहर के मंदिरों में सभी तैयारियां पूरी कर लगी गई और उन्हें विभिन्न प्रकार से सजाया गया है। शहर के दो दर्जन से अधिक छोटे-बड़े मंदिरों में नवरात्रों की धूम देखने को मिलेगी। रविवार की सुबह कलश स्थापना के बाद नौ दुर्गा की पूजा अर्चना शुरू हो जाएगी। लोगों में पहले दिन व्रत और पूजा को लेकर बेहद उत्साह देखने को मिल रहा है।
सिद्धपीठ श्री हनुमान मंदिर बी ब्लॉक के संस्थान प्रधान भारत अरोड़ा ने बताया कि मंदिर में ज्वाला की ज्योति को प्रज्वलित किया जाता है। जिसके लिए सेवादार गौरव, राकेश कुमार, उप प्रधान संजय कुमार, सिद्धेश वाधवा बृहस्पतिवार की शाम को ज्वाला माता हिमाचल प्रदेश से ज्योत लेने के लिए निकले थे जोकि शनिवार की देर शाम को मंदिर में पहुंच जाएंगे। जिसके बाद रविवार की सुबह नौ बजे मंदिर में नवरात्र की ज्योति को प्रज्वलित किया जाएगा। नवरात्र में मां दुर्गा के नौ रूपों की पूरे विधि-विधान से पूजा-पाठ की जाती है। इस दौरान लोग व्रत भी रखते हैं।
दुर्गा पूजा में प्रदूषण का रखा है खास ध्यान
एनआईटी स्थित दुर्गा बाड़ी में दुर्गा पूजा को लेकर तैयारी शुरू कर दी है। सेवादार उत्पल मुखर्जी ने बताया कि शनिवार का अमावस्या होने के चलते उनकी बाड़ी में शाम को विशेष पूजा अर्चना रखी गई है। छठे नवरात्रों से कार्यक्रम की शुरुआत की जाएगी। देवी माता की मूर्ति को बनाया जा रहा है। मूर्ति की मिट्टी और ऑर्गेनिक रंगों से बनाई जा रही है। वहीं, सेक्टर 16 स्थित फरीदाबाद काली बाड़ी के महासचिव एके पंडित ने बताया कि पंडाल व मूर्ति का बनाया जा रहा है। पहले नवरात्र पर स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जाता है। रविवार को स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन है। उसके बाद 20 अक्तूबर को छठे नवरात्र पर दुर्गा पूजा को शुरू किया जाएगा। जिसमें कई प्रकार के विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उनके द्वारा जो मूर्ति बनाई जा रही है वह पराली और मिट्टी से बनाई जा रही है। इसके अलावा वह इस दौरान लोगों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में पौधे लगाने को भी कहेंगे। कोई भी भक्त अगर पॉलिथीन का इस्तेमाल करता है तो उसको जागरूक किया जाएगा।
साई पार्क दुर्गा पूजा समिति
साई पार्क दुर्गा पूजा समिति द्वारा सेक्टर-87 ग्रेटर फरीदाबाद में दुर्गा पूजा 21 से 24 अक्तूबर तक मनाया जाएगा। समिति के प्रधान काजल कुमार घोष ने बताया कि अपार्टमेंट में सभी लोग आपस में मिल-जुलकर यह उत्सव मनाते हैं। इसके लिए तैयारियां चल रही है।
श्री माता वैष्णो देवी मंदिर
शहर के सबसे बड़े माता वैष्णो देवी मंदिर में शहर के अलग-अलग जगहों से श्रद्धालुगण आते हैं। दुर्गा पूजन पर्व पर मंदिर परिसर में ही पंडाल बनाए गए हैं। मुख्यत: दक्षिण भारत और बंगाल के लोगों का समूह यहां रहता है, जो इस उत्सव को और भी शानदार बना देते हैं।
तत्कालेश्वर शिव मंदिर
एनएच5 स्थित तत्कालेश्वर शिव मंदिर में दुर्गा पूजा उत्सव रविवार से मनाया जाएगा। मंदिर के पूर्व उपप्रधान पदम भड़ाना ने बताया कि मंदिर परिसर में कई भक्ति संगीत के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस बार कालका मंदिर नई दिल्ली से मां की ज्योति लाई जाएगी।
सिद्धपीठ मां काली मंदिर
एनआईटी 1 तिकोना पार्क स्थित सिद्धपीठ मां काली मंदिर में इस बार दुर्गा पूजन कार्यक्रम में लखनऊ से विशेष कलाकार बुलाए गए हैं, जो कार्यक्रम को और रंगीन बना देंगे। मंदिर कमेटी के प्रधान राकेश ने बताया कि मां दुर्गा पूजन के लिए खास इंतजाम किए गए हैं।