प्रशासन और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने दोपहर 12 से 4 बजे तक घरों में रहने की दी सलाह
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सोमवार से नौतपा की शुरुआत होते ही अगले कुछ दिनों तक गर्मी का तेज असर देखने को मिलेगा। सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहा।
पूरे दिन उमस और तपिश के कारण लोग बेहाल नजर आए। मंगलवार को भी अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। भीषण गर्मी का सबसे ज्यादा असर राहगीरों और दुपहिया वाहन चालकों पर देखने को मिला। दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही बेहद कम रही और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। बाजार, मंडियां, मॉल और प्रमुख सड़कें दोपहर में लगभग सूनी दिखाई दीं। वहीं सुबह और शाम के समय भी पार्कों में बच्चों की संख्या कम रही।
मौसम विभाग के अनुसार नौतपा के दौरान सूर्य की किरणें सीधे पृथ्वी पर पड़ती हैं, जिससे तापमान तेजी से बढ़ता है। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि अगले नौ दिनों तक जिलेवासियों को भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है। विभाग ने 27 मई तक लू चलने का अलर्ट जारी किया है, जबकि नौतपा का प्रभाव दो जून तक रहेगा।
प्रशासन और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की है। जरूरी कार्य होने पर ही बाहर निकलें और धूप से बचाव के लिए सिर ढककर रखें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें।