खाते में आए ठगी के 7 लाख रुपये, आरोपी को किया गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नारनौल के बीकॉम द्वितीय वर्ष के छात्र अंकित (23) ने रुपयों के लालच में अपना बैंक खाता साइबर ठगों को बेच दिया। शेयर बाजार में निवेश के बहाने 14.50 लाख रुपये की ठगी के मामले में इस खाते में 7 लाख रुपये आए थे। साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ की टीम ने इस मामले में जांच करते हुए अंकित को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी को 2 दिन के रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है। शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि आरोपी सरकारी नौकरी की भी तैयारी कर रहा था।
साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ की टीम को ये शिकायत सेक्टर-62 निवासी व्यक्ति ने दी थी। जिसमें बताया कि कुछ दिन पहले उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया। जिसमें एडमिन ने कहा कि मैं अमेरिका से पढ़ा हूं और न्यूयार्क स्टॉक एक्सचेंज में लंबे समय तक अरबों रुपये के प्रबंधन का अनुभव बताया। फिर आरोपी ग्रुप में शेयर बाजार में ट्रेडिंग की टिप्स देने लगा। शिकायतकर्ता को इससे पहले भी शेयर बाजार में काफी नुकसान हो चुका था। इसके चलते वो आरोपियों के झांसे में आ गए और 14.50 लाख रुपये निवेश कर दिए। लेकिन रिफंड के दौरान आरोपियों ने निकासी नहीं करने दी तो ठगी का अहसास हुआ। साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर अब आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।