ऊंचा गांव में मस्जिद के बाहर हिंदू लोगों ने की पानी और पार्किंग की व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ईद-उल-अजहा (बकरीद) के मौके पर शहर की मस्जिदों में शनिवार की सुबह सैकड़ों लोगों ने नमाज अदा की अमन चैन की दुआ मांगी। पूरे जिले में त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। एनआईटी तीन स्थित मस्जिद, तिलपत मस्जिद, सेक्टर-15 मस्जिद, बल्लभगढ़ की जामा मस्जिद, ओल्ड फरीदाबाद की बड़ी मस्जिद और सेक्टर-7 की मस्जिद में सुबह सात बजे नमाज अदा की गई। लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी।
नमाज के दौरान मस्जिदों में खास व्यवस्थाएं की गई थीं, जिसमें नमाजियों के बैठने, जलपान और ट्रैफिक की सुविधा का ध्यान रखा गया। वहीं दूसरी ओर बाजारों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। नमाज के बाद लोगों ने बड़ी संख्या में खरीदारी की, जिससे बाजारों में रौनक बढ़ गई। एनआईटी-1, ओल्ड फरीदाबादर, बल्लभगढ़, तिलपत, बड़खल और सेक्टर-7 बाजारों में सुबह से ही चहल-पहल रही। नमाज के बाद बच्चों और युवाओं के साथ महिलाएं भी बाजारों में कपड़े, मिठाइयां, चूड़ियां, इत्र, टोपी और सजावटी सामान खरीदते नजर आए।
सुरक्षा के कड़े रहे इंतजाम
बाजारों और मस्जिदों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनात दिखी। सभी संवेदनशील इलाकों में पुलिसकर्मियों की गश्त बढ़ा दी गई थी, वहीं ट्रैफिक पुलिस भी भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सक्रिय रही।
हिंदू युवाओं ने की पानी और पार्किंग की व्यवस्था
ऊंचा गांव में भाईचारे की सुंदर तस्वीर देखने को मिली। गांव के मस्जिद में नमाज के लिए मुस्लिम समाज के लोग बड़ी संख्या में जुटे। जहां नमाज के दौरान हिंदू युवाओं ने पानी पिलाने और पार्किंग व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी उठाई।