नगर परिषद कार्यालय में दो कर्मचारियों के बीच विवाद, महिला कर्मचारी समेत पांच के खिलाफ केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। नगर परिषद कार्यालय में एक लिपिक पर कथित रूप से हमला करने का मामला सामने आया है। इस मामले में महिला लिपिक समेत पांच लोगों के खिलाफ शहर थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है।
राजीव नगर निवासी और नगर परिषद में कार्यरत लिपिक नरेश कुमार ने शिकायत में बताया कि 10 जून को वह कार्यालय में अपने कार्य में व्यस्त था। उसी वक्त लिपिक ज्योति उसके कक्ष में आईं और उसपर अनुचित काम करने का दबाव बनाने लगीं। नरेश के मना करने पर ज्योति ने उनके साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर गाली-गलौज की।
घटना के समय माली-चौकीदार मेहरचंद, सफाई कर्मचारी मुकेश कुमार और अन्य सहयोगियों की मौजूद थे। इसके बाद ज्योति ने चार-पांच युवकों को बाहर से बुला लिया। इन युवकों ने नरेश पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने उसे धमकी दी कि अगर ज्योति के खिलाफ कुछ कहा, तो दोबारा जानलेवा हमला किया जाएगा।
शिकायत की जांच डीएसपी मनोज कुमार वर्मा को सौंपी गई थी। जांच के बाद 31 जुलाई की देर शाम शहर थाना पुलिस ने महिला लिपिक ज्योति और अन्य आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। शहर थाना प्रभारी प्रकाशचंद ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।