- मां के साथ मामा के घर गई बच्ची व उसकी छोटी बहन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। अनुशासन सिखाने के नाम पर बच्ची से क्रूरता करने वाले पिता को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। इधर, बच्ची अपनी मां और छोटी बहन के साथ दिल्ली स्थित अपने मामा के घर चली गई है।
बिहार से सेक्टर-30 में रिश्तेदार के घर मिलने आए एक कस्टम अधिकारी ने रविवार को अपनी नौ साल की बेटी को करंट लगा दिया था। आरोपी बेटी को अनुशासन में रहना सिखा रहा था। बेटी किसी तरह पिता से बचकर थाने पहुंच गई। बेटी की शिकायत पर पुलिस ने पिता के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। थाना सेक्टर 31 प्रभारी इंस्पेक्टर विरेंद्र खत्री ने बताया बिहार के जिला सीतामढ़ी स्थित बैलाही गांव निवासी नीरज कुमार बिहार कस्टम विभाग में इंस्पेक्टर हैं। 16 जनवरी को सेक्टर तीस स्थित अपनी बहन के घर परिवार सहित आए थे। रविवार को नौ साल की बेटी शरारत कर रही थी। वह उसे अनुशासन में रखना चाहते थे। बात ना मानने पर आरोपी ने बच्ची के साथ मारपीट की और करंट लगा दिया। किसी तरह बच्ची थाने पहुंच गई और शिकायत दी। चाइल्ड लाइन जिला संयोजक सुनीता की मौजूदगी में बच्ची ने बताया पिता उसके साथ अक्सर गंदे शब्दों का प्रयोग करता है। आरोपी ने बच्ची के बाएं पैर को जला रखा था। बच्ची के पैर और मुंह पर चोट के निशान हैं। आरोप है पिता ने बच्ची को जूते पहन कर मुंह पर लात से मारा। उसके निचले होंठ पर चोट के निशान हैं। बच्ची का कहना है पिता क्रूर है। उसने झगड़ा कर मां का भी हाथ तोड़ दिया था। बच्ची को तीसरी कक्षा के बाद से स्कूल भी नहीं भेजा जा रहा है। रविवार को बच्ची ने पिता के साथ जाने से साफ मना कर दिया था। चाइल्ड लाइन के सामने बयान दर्ज कराने के बाद बच्ची को मां के साथ भेज दिया गया था। मां दोनों बेटियों को लेकर दिल्ली अपने भाई के घर चली गई है। आरोपी के खिलाफ जेजे एक्ट और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया है।