हर्ष नागर को मिलेगा 40 हजार रुपये का इनाम
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। मुर्रा नस्ल की भैंस पालने वाले पशुपालकों को प्रोत्साहित करने के लिए पशुपालन विभाग द्वारा संचालित मुर्रा विकास योजना के तहत गांव फज्जुपुर नीमका में दुग्ध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में अधिक दूध उत्पादन करने वाली मुर्रा भैंसों का चयन पुरस्कार के लिए किया गया। पशुपालन विभाग के उपमंडल अधिकारी डॉ. सचिन धनखड़ के निर्देश पर आयोजित इस प्रतियोगिता में गांव के पशुपालक हर्ष नागर की दो मुर्रा भैंसों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनकी भैंसों के प्रदर्शन के आधार पर उन्हें 40 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने के लिए चयनित किया गया है। उनकी एक भैंस ने 21 किलोग्राम और दूसरी ने 19 किलोग्राम दूध दिया। दोनों भैंसों का उत्पादन 18 किलोग्राम से अधिक पाए जाने पर उन्हें पुरस्कार के लिए चयनित किया गया। राजकीय पशु औषधालय के प्रभारी वीएलडीए राजबेल देशवाल ने बताया कि राज्य सरकार और पशुपालन विभाग द्वारा अच्छी नस्ल की मुर्रा भैंसों को बढ़ावा देने के लिए दूध प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं। इस दौरान डॉ. पीयूष, डॉ. सत्येंद्र तथा वीएलडीए संदीप कुमार सहित पशुपालन विभाग के अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।