गीले और सूखे कचरे के अलग-अलग निस्तारण की प्रक्रिया समझी, अन्य जगह लागू करने पर जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। नगर निगम के सफाई विभाग के अधिकारियों ने सेक्टर-88 स्थित आरपीएस सवाना सोसायटी में ऑन-साइट वेस्ट प्रोसेसिंग की व्यवस्था देखी। निगम आयुक्त यशेंद्र सिंह के निर्देश पर आयोजित अध्ययन भ्रमण में विभिन्न जोन के इंचार्ज और एएसआई शामिल हुए।
अधिकारियों ने सोसायटी में गीले और सूखे कचरे को अलग करने, उसके संग्रहण और निस्तारण की प्रक्रिया देखी। इस दौरान गीले कचरे से कंपोस्ट तैयार करने और सूखे कचरे को कागज, प्लास्टिक, धातु व कांच आदि के आधार पर अलग करने की व्यवस्था की जानकारी ली।
अधिकारियों को बताया गया कि पुनर्चक्रण योग्य कचरे को अधिकृत एजेंसी को भेजा जाता है। निगम अधिकारियों का उद्देश्य इस व्यवस्था को समझकर अन्य बल्क वेस्ट जनरेटर संस्थानों और प्रतिष्ठानों में भी ऐसी व्यवस्था को बढ़ावा देना है।