निगम के ब्लू टिक वेरीफाइड नंबर से आए मैसेज पर ही करें बिल भुगतान
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नगर निगम फरीदाबाद ने शहरवासियों को साइबर फ्रॉड से बचाव को लेकर सचेत किया है। निगम की अतिरिक्त आयुक्त सलोनी शर्मा ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनजान नंबरों से व्हाट्सएप पर आने वाले पानी के बिल, प्रॉपर्टी टैक्स या अन्य निगम संबंधी बिलों के लिंक को न खोलें और न ही ऐसे किसी लिंक के माध्यम से लेन-देन करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम की ओर से भेजे जाने वाले प्रॉपर्टी टैक्स, पानी बिल, नोटिस आदि केवल निगम के वेरीफाइड ब्लू टिक व्हाट्सएप नंबर से ही भेजे जाते हैं। नगर निगम द्वारा प्रॉपर्टी टैक्स के बकायाधारकों एवं प्रॉपर्टी सेल्फ सर्टिफिकेशन के लिए जारी आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 9599780878 है, इसी नंबर से ही सरकारी और सुरक्षित लिंक प्राप्त होंगे।
एडिशनल कमिश्नर सलोनी शर्मा ने बताया कि निगम के इस वेरीफाइड नंबर से प्राप्त लिंक को खोलकर उपभोक्ता घर बैठे सुरक्षित रूप से अपना प्रॉपर्टी टैक्स जमा कर सकते हैं। इसके साथ ही यदि प्रॉपर्टी आईडी में किसी प्रकार की त्रुटि हो तो उपभोक्ता लिंक के माध्यम से अपना ऑब्जेक्शन दर्ज कर सकते हैं तथा अपनी प्रॉपर्टी को स्वयं सत्यापित भी कर सकते हैं।