25 वर्ष बाद मालिकाना हक मिलने पर दुकानदारों ने खुशी मनाई
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद/बल्लभगढ़। फरीदाबाद नगर निगम आयुक्त ए मोना श्रीनिवास ने मंगलवार को दुकानदारों को फ्री होल्ड हुए प्रतिष्ठानों के कागजात सौंपे। पूर्व में लीज वाली दुकानों के फ्री होल्ड होने और शुल्क जमा होने पर भी कागज नहीं मिले थे। अब नगर निगम की ओर से दुकानदारों को उनके प्रतिष्ठानों के मालिकाना हक के कागजात सौंपे गए हैं। 25 वर्ष बाद मालिकाना हक मिलने पर दुकानदारों ने खुशी मनाई।
हरियाणा सरकार प्रतिष्ठानों को लीज से फ्री होल्ड करने की योजना लेकर आई थी। वर्ष 1999 में बड़ी संख्या में व्यापारियों ने तय शुल्क निगम के पास जमा करा दिया था। तकनीकी कारणों से उस समय सरकार ने यह नीति वापस ले ली थी। पैसा जमा कराने वाले व्यापारी संस्थानों को फ्री होल्ड कराने की मांग पर अड़ गए और आंदोलन भी चलाया। लंबे समय तक सुनवाई न होने पर व्यापारियों की इस समस्या को हरियाणा व्यापार मंडल के जिला प्रधान राम जुनेजा, बल्लभगढ़ प्रधान प्रेम खट्टर ने उठाया था।
व्यापार मंडल इस समस्या को लेकर प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल, केन्द्रीय मंत्री कृष्ण पाल गूर्जर, परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा तथा विधायक सीमा त्रिखा के साथ-साथ निगमायुक्तों से मिले थे। 25 वर्ष की लंबी लड़ाई के बाद चुनावों से ठीक पहले सैनी सरकार ने व्यापारियों के दावे को सही माना। सरकार ने वर्ष 1999 में लीज से फ्री होल्ड कराने के लिए पैसा जमा कराने वाले दुकानदारों के संस्थानों को फ्री होल्ड कर दिया।
मंगलवार को सभी दुकानदारों को नगर निगम आयुक्त ने उनके कागजात सौंपे। इस मौके पर हरियाणा व्यापार मंडल के प्रधान राम जुनेजा ने केन्द्रीय मंत्री कृष्ण पाल गूर्जर, निगमायुक्त ए मोना श्रीनिवास तथा विभाग के निदेशक यशपाल यादव का आभार व्यक्त किया।