- एचएसवीपी की ओर से कराया जाएगा निर्माण, 30 करोड़ होंगे खर्च, तीन-चार मंजिला होंगे
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की ओर से सेक्टर-15 में बने कम्युनिटी सेंटर की तर्ज पर पांच सेक्टरों में मल्टी स्टोरी सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाएगा। सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे। इस योजना पर करीब 30 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इनमें लिफ्ट के साथ कई प्रकार की सुविधाएं होंगी।
तेजी से विकसित हो रहे ग्रेटर फरीदाबाद में 100 से अधिक छोटी-बड़ी सोसाइटियां हैं। इसके अलावा हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अनेक सेक्टर हैं। यहां पांच लाख से अधिक लोग निवास करते हैं, लेकिन लोगों के लिए सामुदायिक भवन की कोई सुविधा नहीं है। इस कारण सेक्टर वासियों को शादी विवाह व अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के लिए निजी स्तर पर दूरदराज स्थित प्राइवेट बैंक्वेट हॉल व अन्य सामुदायिक भवन का सहारा लेना पड़ता है। महंगे खर्च पर अपने कार्यक्रम कराने पड़ते हैं। जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में सेक्टर वासियों को राहत देने के लिए एचएसवीपी ने सेक्टर 46, 48, 56, 56ए और ग्रेटर फरीदाबाद सेक्टर-78 सहित अन्य सेक्टरों में तीन मंजिला मल्टी स्टोरी सामुदायिक भवन का निर्माण कराने की योजना तैयार की है।
सेक्टर-56, 56ए में सुविधाओं का होगा विस्तार
सेक्टर 56-56ए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के नए सेक्टर है। इनमें हजारों लोग रहते हैं। मूलभूत सुविधाओं का काफी अभाव बना हुआ है। सेक्टर में कोई भी सरकारी सामुदायिक भवन नहीं है। लोगों को अपने सामाजिक और पारिवारिक कार्यक्रम करने के लिए निजी सामुदायिक भवन का सहारा लेना पड़ता है। यहां हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने यहां पर अलग से सामुदायिक भवन बनाने की तैयारियां शुरू की है। इसके टेंडर जारी कर दिए गए हैं। एचएसवीपी का मानना हैं कि अब जगह की उपलब्धता कम होने के कारण मल्टी स्टोरी भवनों के निर्माण पर जोर हैं। उनका कहना हैं कि शादी-समारोह के बाद भी इसका प्रयोग अन्य कार्यों में किया जा सकता है। ऐसे में अब सभी से युक्त सामुदायिक भवन बनाने पर जोर है।
वर्जन
पांच सेक्टरों में मल्टी स्टोरी सामुदायिक भवन बनाने की तैयारी है। इसके टेंडर कर दिए गए हैं। जल्द काम शुरू कर दिया जाएगा। - संदीप दहिया, अधीक्षण अभियंता, एचएसवीपी