सांसद ने भरोसा दिया कि प्रधानमंत्री को चिट्ठी लिखकर मामले को लोकसभा में भी उठाएंगे
गांव अनंगपुर संघर्ष समिति के सदस्यों ने सांसद का धन्यवाद किया
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। गांव अनंगपुर चौपाल पर 19 दिन से चल रहे अनिश्चितकालीन धरने पर शनिवार को पूर्वी दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी भी पहुंचे। उन्होंने यहां धरने पर बैठे लोगों को अपना समर्थन दिया।
धरना स्थल पर मौजूद लोगों ने सांसद से अपनी मलकियत एवं प्रवासियों के आशियानों को बचाने की गुहार लगाई। सांसद मनोज तिवारी ने अनंगपुर वासियों एवं प्रवासियों को आश्वासन दिया कि वो लोकसभा में इस मामले का उठाएंगे और प्रधानमंत्री को चिट्ठी भी लिखेंगे। सांसद ने लोगों को भरोसा दिया कि वो 22 जुलाई को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से भी इस विषय पर बात करेंगे। साथ ही वे भाजपा के शीर्ष नेताओं को भी लोगों की परेशानी से अवगत करवाएंगे। सांसद ने कहा कि अनंगपुर में रह रहे लोगों के आशियाने को उजड़ने नहीं दिया जाएगा। सांसद मनोज तिवारी ने लोगों को भरोसा दिया कि कुछ दिन बाद अनंगपुर धरने पर चाय पीने फिर से आएंगे।