संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। बोरवेल में गिरी बच्ची नेहा का परिवार सिही गांव में किराये के मकान में रहता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक बच्ची के माता-पिता मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। बच्ची की मां आसपास की कोठियों में काम करती हैं, जबकि नेहा के पिता मजदूरी करते हैं। परिवार गांव में छोटे-छोटे कमरों में रहता है, जिनकी छतें टीन की हैं। रोजमर्रा की मेहनत और सीमित संसाधनों के बीच गुजर-बसर कर रहे इस परिवार के लिए बेटी के साथ हुआ हादसा किसी सदमे से कम नहीं है।
पिता बोले-पुलिस ने नहीं की कोई कार्रवाई
पिता रामदीन का कहना है कि पुलिस की ओर से अभी तक नगर निगम के अधिकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। आरोप है कि पुलिस की ओर से उनसे कागजों पर साइन करवा लिए गए हैं। उन कागजों पर क्या लिखा इस बारे में उनको नहीं पता है क्योंकि वह पढ़े लिखे नहीं हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस मां से बात कर रही है। उनके परिवार की छोटी बच्ची इस दुनिया से चली गई है। उसके बावजूद भी परिवार को इंसाफ नहीं मिल रहा है। वहीं एसीपी रवि का कहना है कि परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई।