नवरात्र का छठा दिन, विराट किशन की झांकी श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बिंदु रही
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। नवरात्र के दिनों में पहला रविवार होने के चलते मंदिरों में भीड़ देखने को मिली है। रविवार को मंदिरों में आस्था की लहर दिखी। इस दिन श्रद्धालुओं ने मां कात्यायनी की पूजा की गई। श्री महारानी वैष्णो देवी मंदिर संस्थान के प्रधान जगदीश भाटिया ने बताया कि रविवार होने के कारण मंदिर में सुबह से ही भक्तों की लाइन लगनी शुरू हो गई। सभी ने मां कात्यायनी के दर्शन किए और उनकी पूजा अर्चना कर अपनी मन की मुराद मांगी।
इस अवसर पर विशेष तौर पर विराट किशन की झांकी श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बिंदु रही। मां कात्यायनी स्वरूप में माता शेर पर सवार, सिर पर मुकुट सुशोभित है। माता की चार भुजाएं हैं। माना जाता है कि मां के इस स्वरूप की पूजा अर्चना से विवाह में आ रही परेशानी दूर हो जाती है। नवरात्रि के छठे दिन माता के कात्यायनी स्वरूप की पूजा के लिए सुबह नहाने के बाद साफ वस्त्र धारण कर पूजा का संकल्प लेना चाहिए।
बस स्टैंड स्थित श्री सिद्धपीठ महाकाली मंदिर के पंडित पंकज तिवारी ने बताया कि मां कात्यायनी को पीला रंग प्रिय है। इसलिए पूजा के लिए पीले रंग का वस्त्र धारण करना शुभ होता है। मां को शुद्ध शहद का भोग लगाया जाता है जो कि उन्हें अति प्रिय है। मां को सोने की तरह से चमकने वाला सुनहरा रंग अच्छा लगता है। उनके मंदिर में रात को नौ बजे माता की चौकी का आयोजन किया जाता है।
नवरात्र के मौके पर सोसाइटी में जागरण का भव्य आयोजन
फरीदाबाद। नवरात्र के मौके पर हर ओर धूम है। ऐसे में सेक्टर और सोसाइटी में तरह-तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सेक्टर-89 स्थित पुरी लैवेंडर सोसाइटी में जागरण का आयोजन किया गया। इस दौरान सोसाइटी के लोगों के साथ अन्य सोसाइटी के लोग भी जागरण का हिस्सा बने। निवासी आशीष गौड़ ने बताया कि सोसाइटी के सभी लोगों ने मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाया। हम सभी बेहद खुश हैं। सोसाइटी में प्रतिवर्ष जागरण का आयोजन किया जाता है। इस दौरान सभी भक्तों ने मां दुर्गा की अराधना कर उनका आशीर्वाद लिया। निवासी जितेंद्र व प्रदीप यादव ने बताया कि जागरण में खेड़ी मंडल जिला अध्यक्ष सुधीर मेहता और देवेंद्र खारी ने पहुंचकर मां की पूजा कर निवासियों को सोसाइटी के विकास को लेकर भरोसा दिलाया। निवासी विक्रम और अधिवक्ता संजय रावत ने बताया कि अब से तीन दिन तक सोसाइटी में गरबा और डांडिया का कार्यक्रम भी रखा गया है। संवाद