आजाद चैलेंजर कप फुटबॉल प्रतियोगिता का खिताब जीता
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एनआईटी स्थित एयर फोर्स मैदान में चल रही आजाद चैलेंजर कप फुटबॉल प्रतियोगिता में रविवार को सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले गए। मॉर्निंग एफसी और खेड़ला एफसी के बीच फाइनल खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले में मॉर्निंग एफसी ने पेनल्टी शूटआउट में खेड़ला एफसी को 3-2 से हरा दिया। इसके साथ ही उन्होंने प्रतियोगिता अपने नाम कर ली।
इससे पहले दिन की शुरुआत में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में भी रोमांच देखने को मिला। पहले मैच में मॉर्निंग एफसी ने आजाद एफसी को 2-0 से हराकर फाइनल में जगह पक्की कर ली। इसके बाद खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में कांटे की टक्कर का मुकाबला देखने को मिला। खेड़ला एफसी और टैक्समैन के बीच मुकाबले में एक भी गोल नहीं हुआ।
इसके चलते मुकाबला पेनल्टी शूटआउट में चला गया। जहां पर शुरुआत में दोनों टीमों को पांच-पांट पेनल्टी दी गईं, पर मुकाबले में ऐसी टक्कर देखने को मिली कि यह पेनल्टी शूटआउट भी बराबरी पर छूटा। इसके बाद 11 पेनल्टी तक मुकाबला चला, इसमें खेड़ला एफसी ने जीत दर्ज करते हुए फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। इसके बाद मॉर्निंग एफसी और खेड़ला एफसी के बीच फाइनल मुकाबला भी गोल रहित समाप्त हुआ। पेनल्टी शूटआउट में मॉर्निंग एफसी ने 3-2 से खेड़ला एफसी को हरा दिया।