संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले में रविवार को एक हजार से अधिक लोगों ने साक्षर बनने के लिए परीक्षा दी। उल्लास योजना के आयोजित यह परीक्षा सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक चली, जिसमें जिले के बुजुर्ग भी भारी संख्या में शामिल हुए। परीक्षा के लिए करीब 2900 लोगों ने पंजीयन कराया था। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुई।
इस परीक्षा का उद्देश्य निरक्षर लोगों को साक्षर कर समाज की मुख्य धारा से जोड़ना है। पिछले वर्ष जिले में इस योजना की शुरुआत हुई थी। जिले के 1500 से अधिक लोग योजना के तहत प्रशिक्षण ले रहे हैं। दिसंबर और जनवरी में सरकारी स्कूलों के अध्यापक तथा शैक्षणिक स्वयंसेवकों ने शहर केे अलग-अलग हिस्सों में घूमकर 2900 से अधिक निरक्षरों की पहचान की थी।
योजना के समन्वयक धर्मेंद्र अधाना ने बताया कि परीक्षा में शामिल बुजुर्गों ने यह साबित कर दिया कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती है। उन्होंने बताया कि जल्द ही परीक्षा का परिणाम घोषित किया जाएगा। साथ ही उत्तीर्ण होने वाले परीक्षार्थियों को विभाग की ओर से प्रमाणपत्र पत्र प्रदान किया जाएगा।