13.55 करोड़ रुपये जालसाजों ने किए ट्रांसफर, 120 से अधिक आरोपियों को किया गिरफ्तार
प्रीपेड टास्क व शेयर बाजार में निवेश के नाम पर दिया गया वारदात को अंजाम
सोनू यादव
फरीदाबाद। साल 2025 के पहले महीने जनवरी में साइबर ठगों ने स्मार्ट सिटी के 1400 से अधिक लोगों के साथ ठगी की वारदात को अंजाम दिया। तीनों साइबर थानों में अलग-अलग माध्यम से 1376 शिकायतें पहुंची जिनमें से कुछ की जांच हो चुकी है जबकि कुछ की चल रही है। वहीं 85 शिकायतों पर तीनों साइबर थानों की पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की है। इन सभी मामलों में लगभग 13.55 करोड़ रुपये साइबर ठगों ने ठग लिए हैं।
1376 शिकायतों में लोगों से कुल 4 करोड़ 32 लाख 64 हजार 641 रुपये की ठगी हुई। वहीं दर्ज हुई 85 एफआईआर में लोगों से 9 करोड़ 22 लाख 62 हजार 37 रुपये की ठगी हुई। इस तरह साइबर ठगों ने शहर के लोगों से 13 करोड़ 55 लाख 26 हजार 678 रुपये ठग लिए। ठगी की इस राशि में से 1 करोड़ 35 लाख 45 हजार 416 रुपये पुलिस ने समय रहते बैंक खातों में फ्रीज कराए। साथ ही 85 लाख 12 हजार 789 रुपये पुलिस ने लोगों को वापस भी दिलाए हैं।
121 आरोपी गिरफ्तार कर मामले सुलझाए
जनवरी महीने के दौरान पुलिस की ओर से 2127 शिकायतों का निपटारा किया गया। इनमें कुछ नई शिकायतें शामिल रहीं तो वहीं काफी पुरानी शिकायतों का भी निपटारा हुआ। इसी तरह दर्ज हुई 85 एफआईआर की तुलना में पुलिस ने नई व पुरानी एफआईआर मिलाकर 45 केसों को सुलझा लिया। इन सभी मामलों में पुलिस की ओर से 121 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
मुनाफे का झांसा देकर ठगी के मामले बढ़े
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आजकल प्रीपेड टास्क व शेयर बाजार में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इसके लिए लोगों को जागरूक रहने की जरूरत है। तीनों साइबर क्राइम थानों की पुलिस की ओर से भी जनवरी महीने में 7 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर 6400 लोगों को साइबर ठगी से बचाव को लेकर जागरूक किया गया है। इनमें 4 कार्यक्रम साइबर क्राइम थाना एनआईटी व 2 कार्यक्रम साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ की टीम ने आयोजित किए। जबकि साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने 1 कार्यक्रम आयोजित किया है।