फरीदाबाद में प्रेम प्रसंग के चलते स्टेट लेवल बैडमिंटन खिलाड़ी मोनू की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया। परिजनों का आरोप है कि लड़की के परिजनों ने अपहरण कर तीन दिन तक बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट की, जिससे इलाज के दौरान मौत हो गई।
फरीदाबाद में एक नाबालिग लड़की से प्रेम-प्रसंग के चलते स्टेट लेवल बैडमिंटन खिलाड़ी की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान भिवाड़ी के सैदपुर गांव निवासी 21 वर्षीय मोनू के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि लड़की के परिजनों ने मोनू का अपहरण कर तीन दिनों तक बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट की, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
विज्ञापन
मृतक के चाचा नरेंद्र के अनुसार मोनू ने हाल ही में 12वीं की परीक्षा दी थी और करीब 70 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। वह स्कूल की ओर से स्टेट लेवल बैडमिंटन चैंपियनशिप में हिस्सा ले चुका था और जिला स्तर पर कई मेडल जीत चुका था। उसके पिता भीम सिंह चालक हैं और परिवार में दो भाई हैं।
उन्होंने बताया कि नाबालिग लड़की अपने मामा के साथ युवक के गांव आया करती थी। इसी दौरान उसकी दोस्ती मोनू से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। पुलिस के अनुसार अप्रैल महीने में मोनू लड़की को अपने साथ ले गया था, जिसके बाद लड़की के पिता ने तिगांव थाने में अपहरण का मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने लड़की को बरामद कर लिया था, जबकि मोनू तब से फरार चल रहा था।
विज्ञापन
परिजनों का आरोप है कि 17 मई को मोनू यह कहकर घर से निकला था कि वह पुलिस जांच में शामिल होने जा रहा है, लेकिन रास्ते में लड़की के परिवार के लोगों ने उसका अपहरण कर लिया। आरोप है कि तीन दिनों तक उसके साथ लगातार मारपीट और यातनाएं दी गईं।
चाचा नरेंद्र के मुताबिक 20 मई को पुलिस का फोन आया कि मोनू घायल अवस्था में मिला है। इसके बाद परिवार उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि दो आरोपियों को राउंडअप कर लिया गया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर अपहरण सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच कर रही है।