अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने किया गिरफ्तार, सात फरवरी 2024 को हुई थी इंद्रजीत की हत्या
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सेक्टर-58 थाना इलाके में इंद्रजीत नामक युवक की चाकू से हत्या मामले में आरोपी सतेंद्र उर्फ सेंटी को मुंबई से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी 23 साल का मोनू फरीदाबाद के झाडसेतली का रहने वाला है। बीते 19 महीने से वो पुलिस से बचकर भाग रहा था। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी को चार दिन के ट्रांजिट रिमांड पर लेकर टीम फरीदाबाद लौट रही है।
सेक्टर-58 थाना में हत्या की ये एफआईआर झाडसेतली निवासी नेत्रपाल ने दर्ज कराई थी। इसमें कहा गया है कि सात फरवरी 2024 को नितेश व मोहित ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके भाई इंद्रजीत की हत्या कर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नितेश व मोहित को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। अब आरोपी सतेंद्र को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में पता चला कि मुख्य आरोपी नितेश व मोहित अवैध नशीले पदार्थ बेचने का काम करते थे। इनको शक था कि इंद्रजीत उनकी मुखबरी पुलिस को करता है। इसी के चलते आरोपियों ने चाकू से वार कर इंद्रजीत की हत्या की थी।
आरोपी सतेंद्र वारदात के लिए नितेश व मोहित को अपनी बाइक पर बैठाकर ले गया था। वारदात के बाद उनको वापस बाइक पर बैठाकर लाया था। वारदात के बाद से ही ये पुलिस से बचने के लिए ठिकाने बदल रहा था। अब सतेंद्र को पुलिस ने मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है।