फरीदाबाद। सिकरी हरफला चौक स्थित एटीएम पर एक व्यक्ति का कार्ड बदलकर उसके खाते से 2.20 लाख रुपये निकाल लिए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर 25 मई को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि इसी एटीएम पर 22 मई को पलवल निवासी एक अन्य व्यक्ति के खाते से भी 90 हजार रुपये निकाले गए थे।
मेरठ निवासी विनोद कुमार, जो फिलहाल गांव सिकरी में किराये पर रहते हैं, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 23 मई की सुबह करीब सात बजे वह सिकरी हरफला चौक स्थित एक एटीएम में पैसे निकालने गए थे। इसी दौरान वहां मौजूद दो अज्ञात युवकों ने मदद के बहाने उनका एटीएम कार्ड बदल दिया। आरोपियों ने उनसे बैलेंस चेक करने के लिए कहा और वहां से चले गए। कुछ देर बाद विनोद कुमार के मोबाइल पर लगातार खाते से पैसे कटने के मैसेज आने लगे। जांच करने पर पता चला कि उनके खाते से कुल 2 लाख 20 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। संवाद