तीन दिन बाद बैंक खाते से दो बार में रकम निकाली
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। डॉक्टर का अपॉइंटमेंट बुक कराने के बहाने एपीके फाइल भेजकर 91,998.98 रुपये की साइबर ठगी करने के आरोप में अज्ञात आरोपी के खिलाफ शुक्रवार को साइबर अपराध थाना बल्लभगढ़ में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी पर धोखाधड़ी कर पीड़ित के बैंक खाते से रकम निकालने का आरोप है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सेक्टर-10 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी चेतन ने बताया कि 18 जून को उनकी पत्नी ने इंटरनेट पर डॉ. कालड़ा क्लिनिक का नंबर खोजा। इस दौरान उन्हें नंबर मिला। उनकी पत्नी ने अपने मोबाइल से इस नंबर पर संपर्क किया तो सामने वाले व्यक्ति ने व्हाट्सएप के दूसरे नंबर से एक एपीके फाइल भेजी। आरोपी ने दावा किया कि इस फाइल के माध्यम से 10 रुपये का पंजीकरण शुल्क जमा करने पर डॉक्टर की अपॉइंटमेंट बुक हो जाएगी। उनकी पत्नी से भुगतान नहीं हो सका तो चेतन ने उसी एपीके फाइल को अपने मोबाइल में इंस्टॉल कर 10 रुपये का भुगतान करने का प्रयास किया, लेकिन लेनदेन सफल नहीं हुआ।
शिकायत के अनुसार 21 जून को उनके बैंक खाते से दो अलग-अलग ऑनलाइन लेनदेन में 49,998.99 रुपये और 41,999.99 रुपये निकाल लिए गए। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।