संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। सेक्टर-55 सहित वार्ड-2 के अंतर्गत आने वाले बाजारों की तस्वीर जल्द ही बदलने वाली है। नगर निगम ने क्षेत्र के विभिन्न बाजारों में आधुनिक कॉलम लाइट और डेकोरेटिव पोल लगाने की योजना तैयार की है। इस परियोजना के तहत आकर्षक डिजाइन वाली नई लाइटें लगाई जाएंगी, जिससे बाजारों में रोशनी की व्यवस्था बेहतर होने के साथ-साथ उनकी सुंदरता भी बढ़ेगी।
वर्तमान में सेक्टर-55 के कई बाजारों में प्रकाश व्यवस्था की स्थिति संतोषजनक नहीं है। कई स्थानों पर पुरानी स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं, जबकि कुछ क्षेत्रों में पर्याप्त रोशनी नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। रात के समय कम रोशनी के कारण सुरक्षा संबंधी चिंताएं भी बनी रहती हैं। नई लाइटिंग व्यवस्था लागू होने के बाद बाजारों में बेहतर प्रकाश उपलब्ध होगा, जिससे लोगों की आवाजाही अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक हो सकेगी।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार परियोजना के तहत 4.2 मीटर ऊंची आधुनिक कॉलम लाइट और 3 मीटर ऊंचे डेकोरेटिव पोल स्थापित किए जाएंगे। ये लाइटें पारंपरिक स्ट्रीट लाइटों की तुलना में अधिक आकर्षक और प्रभावशाली होंगी। शाम और रात के समय इनकी रोशनी बाजारों को नया और आधुनिक स्वरूप प्रदान करेगी। इससे खरीदारी के लिए आने वाले लोगों का अनुभव भी बेहतर होगा।
नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त डॉ. गौरव अंतिल ने बताया कि सेक्टर-55 सहित वार्ड-2 के सभी प्रमुख बाजारों में जल्द कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि परियोजना को छह माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है और कार्य की गुणवत्ता व समय सीमा का विशेष ध्यान रखा जाएगा।