फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: मोबाइल की लत छीन रही बच्चों की आवाज

विज्ञापन
विज्ञापन
हर महीने 120 से अधिक अभिभावक बच्चों को लेकर पहुंच रहे डीईआईसी
विज्ञापन

राहुल राज


फरीदाबाद। अपनी तोतली बोली से घर में खुशियां बिखेरने वाले बच्चे की आवाज मोबाइल की स्क्रीन निगल रही है। रोने पर मोबाइल, खाना खिलाने के लिए वीडियो और बच्चे को व्यस्त रखने के लिए हाथ में फोन थमाने की आदत अब मासूमों के विकास पर भारी पड़ने लगी है। धीरे-धीरे मोबाइल बच्चों की दिनचर्या का हिस्सा बन गया। कोरोना काल के दौरान शुरू हुई बच्चों को मोबाइल देने की आदत कई घरों में आज भी जारी है। इसका असर बच्चों की बोलने और समझने की क्षमता के साथ उनके व्यवहार पर भी दिखने लगा है। मोबाइल से दूरी बनते ही बच्चे गुस्सा करने लगते हैं। मोबाइल की लत ने कई बच्चों की आवाज तक छीन ली है। जिले में हर महीने करीब 120 से अधिक अभिभावक इस समस्या को लेकर डिस्ट्रिक्ट अर्ली इंटरवेंशन सेंटर (डीईआईसी) पहुंच रहे हैं।

जिला नागरिक अस्पताल में एक से 18 साल तक के बच्चे इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। इनमें देर से बोलना, बोलना शुरू करने के बाद बंद कर देना, आंखों से संपर्क नहीं बनाना और दूसरे बच्चों के साथ मेलजोल नहीं रखना जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। कुछ बच्चों में जरूरत से ज्यादा सक्रिय रहने, चिड़चिड़ापन और मोबाइल नहीं मिलने पर गुस्सा करने की शिकायत भी मिल रही है। अभिभावकों की चिंता बढ़ने पर उन्हें डॉक्टरों और थेरेपिस्ट की मदद लेनी पड़ रही है।
विज्ञापन


जिला नागरिक अस्पताल की मनोचिकित्सक डॉ. वंदना के अनुसार, कुछ बच्चों में स्क्रीन के अत्यधिक इस्तेमाल के कारण ऑटिज्म जैसे लक्षण दिखाई दे रहे हैं। इसे वर्चुअल ऑटिज्म कहा जाता है। ऐसे बच्चों में स्पर्श के प्रति अरुचि, संवाद करने में परेशानी, अकेले रहना, लोगों और दूसरे बच्चों से दूरी बनाना, सीखने में कठिनाई और हिस्टेरिक्स (अचानक तेज गुस्सा या भावनात्मक प्रतिक्रिया) जैसी समस्याएं देखी जा रही हैं। कुछ मामलों में मिर्गी जैसे लक्षण भी सामने आ सकते हैं, जिनकी अलग से चिकित्सकीय जांच जरूरी है। डॉक्टरों का कहना है कि अत्यधिक स्क्रीन टाइम बच्चों के भाषा विकास, व्यवहार और सामाजिक संवाद को प्रभावित कर सकता है। समय रहते स्क्रीन टाइम कम करने और उचित थेरेपी से बच्चों के विकास में मदद मिल सकती है।





केस स्टडी-1


1.5 साल की उम्र में बोलना शुरू किया, फिर अचानक चुप हो गया सचिन

फरीदाबाद निवासी सचिन (बदला हुआ नाम) इसका उदाहरण है। उसकी मां के मुताबिक, 1.5 साल की उम्र तक सचिन सामान्य रूप से बोलना सीख रहा था। माता-पिता जो शब्द सिखाते थे, वह उन्हें दोहराता था। धीरे-धीरे उसे मोबाइल देखने की आदत लग गई। परिवार ने भी मोबाइल चलाने की आदत पर रोक लगाने के लिए ध्यान नहीं दिया। कुछ ही महीनों में उसने बोलना बंद कर दिया और आसपास होने वाली गतिविधियों को नजरअंदाज करने लगा। दो साल की उम्र में उसे डॉक्टर को दिखाया गया। डॉक्टरों की जांच में सामने आया कि सचिन वर्चुअल ऑटिज्म से प्रभावित है। अब उसे नियमित रूप से थेरेपी दी जा रही है।

केस स्टडी-2

मोबाइल गेमिंग की लत में डूबा, कर्ज बढ़ा तो अवसाद में गया युवक

मोबाइल की लत का असर बच्चों के साथ वयस्कों पर भी पड़ रहा है। फरीदाबाद के रहने वाले 35 वर्षीय रोहित (बदला हुआ नाम) को मोबाइल गेमिंग की ऐसी लत लगी कि उसका जीवन प्रभावित होने लगा। गेम खेलने के लिए उसने कर्ज तक ले लिया। जब कर्ज चुकाने के लिए पैसे नहीं बचे तो वह धीरे-धीरे अवसाद में चला गया। उसकी मानसिक स्थिति बिगड़ने पर परिजन उसे जिला नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज शुरू किया गया।
विज्ञापन






डीईआईसी में किया जाता है उपचार

डिस्ट्रिक्ट अर्ली इंटरवेंशन सेंटर (डीईआईसी) जिला स्तर पर संचालित एक विशेष केंद्र है। जहां जन्म से 18 वर्ष तक के बच्चों में विकास संबंधी देरी, शारीरिक और मानसिक समस्याओं की शुरुआती पहचान और उपचार किया जाता है। यहां बच्चों को विशेषज्ञ डॉक्टरों, स्पीच थेरेपिस्ट, फिजियोथेरेपिस्ट और अन्य विशेषज्ञों की मदद से जांच, परामर्श और थेरेपी दी जाती है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें