बाइक सवार 4 बदमाशों ने गेट पर पत्थर भी फेंके, एफआईआर दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। पल्ला थाना एरिया की सूर्या विहार पार्ट एक कॉलोनी में एक प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय पर रंगदारी को लेकर बाइक सवार बदमाशों ने गोली चला दी। आरोप है कि बाइक पर सवार होकर आए चार बदमाशों ने यहां पत्थर भी फेंके। एक लाख रुपये महीना रंगदारी की मांग करने का आरोप किसी सूरज नामक व्यक्ति पर लगाया गया है। प्रॉपर्टी डीलर उस समय किसी काम से दिल्ली गए हुए थे। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि पल्ला थाना की पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को ये शिकायत सेक्टर-37 में रहने वाले रिंकू सिंह ने दी है। ये पेशे से प्रॉपर्टी डीलर हैं और सूर्या विहार एरिया में इनका ऑफिस है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि सोमवार को वो जमीन के दस्तावेज तैयार कराने दिल्ली लाजपत नगर गए थे। शाम के समय वहां से लौट रहे थे तो भतीजे संतोष ने इन्हें कॉल की। उसने बताया कि ऑफिस पर बाइक सवार चार युवक आए और हमला कर दिया। उसने बताया कि आरोपी पत्थर फेंक रहे हैं और गोली चला रहे हैं। इससे ऑफिस में काफी नुकसान हुआ। आरोपियों ने उनके भतीजे से मोबाइल कॉल कर किसी सूरज नामक व्यक्ति से बात कराई। सूरज ने हर महीने 1 लाख रुपये रंगदारी की मांग की। पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक कर आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास कर रही है।