गांव पन्हेड़ा कलां में 10-15 लड़कों ने किया हमला, प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
छांयसा। गांव पन्हेड़ा कलां स्थित ठेके पर शराब उधार देने से मना करने पर कुछ युवकों ने बागपुर निवासी सेल्समैन सुरेंद्र और मानवेंद्र से मारपीट की। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित ने मामले की शिकायत छांयसा थाना पुलिस को देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक पन्हेड़ा कलां गांव में शराब का ठेका फतेहपुर रोड पर है। 8 सितंबर की शाम करीब सात बजे दो युवक मनोज और राजू ठेके पर शराब लेने पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने शराब के रुपये देने से मना कर दिया। सेल्समैन द्वारा उधार शराब देने से मना करने पर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर 10 से 15 लड़के बुलाकर उसके साथ लाठी डंडों से मारपीट की गई। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट में उसे और उसके साथी को चोटें आईं हैं। जिसके बाद उसका मेडिकल कराया गया। छांयसा थाना प्रभारी गोपाल दास ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। मामले में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।