पुलिस ने नाबालिग को अभिरक्षा में भेजा, जांच जारी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद।
पल्ला थाना क्षेत्र के दुर्गा बिल्डर इलाके में शुक्रवार रात घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बहन को छोड़ने की धमकी देने पर एक नाबालिग ने अपने जीजा की चाकू मारकर हत्या कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी नाबालिग को अभिरक्षा में लेकर बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान मूलरूप से बिहार के पश्चिमी चंपारण निवासी जब्बार (22) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, जब्बार ने आरोपी की बहन से प्रेम विवाह किया था। दंपती की करीब एक माह की बेटी भी है। पहले दोनों दिल्ली के जैतपुर क्षेत्र में रहते थे, लेकिन करीब एक सप्ताह पहले ही फरीदाबाद की पंचशील कॉलोनी में किराये के मकान में रहने आए थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जब्बार अपनी पत्नी को छोड़ने की बात कह रहा था। इसे लेकर दोनों परिवारों के बीच तनाव बना हुआ था। इसी बात से नाराज होकर नाबालिग साले ने कथित रूप से चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल जब्बार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पल्ला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपी नाबालिग को अभिरक्षा में लेकर बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। पुलिस परिजनों और अन्य लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।