पलवल। चांदहट थाना अंतर्गत एक गांव में नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। चांदहट थाना पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर आरोपित के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में मध्य प्रदेश की रहने वाली एक महिला ने बताया कि वह पिछले 15 वर्षों से गांव में अपने परिवार के साथ रहकर राज मिस्त्री का काम करती है। घटना 19 जनवरी 2026 की शाम करीब छह बजे की है। उसकी 12 वर्षीय बेटी घर के बाहर अलाव (आग) ताप रही थी। इसी दौरान मां हाथ-पैर धोने के लिए घर के अंदर चली गई। आरोप है कि इसी मौके का फायदा उठाकर राजेन्द्र आया और उसने मासूम लड़की के साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। महिला ने बताया कि घटना के समय उसका पति गांव से बाहर गया हुआ था। शनिवार को जब पति वापस लौटा, तो उसे पूरी बात बताई गई, जिसके बाद परिवार ने थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। संवाद