निमरत कौर और अशोक मस्ती ने युवाओं से 27 सितंबर को सूरजकुंड पहुंचने की अपील की
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। हाफ मैराथन को फिटनेस और नशामुक्ति के संदेश से जोड़ते हुए अभिनेत्री निमरत कौर और पंजाबी गायक अशोक मस्ती ने जिलेवासियों से इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। दोनों ने युवाओं से अपनी ऊर्जा को खेल और रचनात्मक गतिविधियों में लगाने का आह्वान किया।
निमरत कौर ने कहा कि स्वस्थ शरीर और सकारात्मक सोच मजबूत समाज की नींव हैं। दौड़ जैसे आयोजन लोगों को फिटनेस के प्रति जागरूक करने के साथ अनुशासन और आत्मविश्वास बढ़ाने में भी मदद करते हैं। उन्होंने युवाओं से अपने दोस्तों और परिवार के सदस्यों को भी मैराथन से जोड़ने की अपील की। वहीं, अशोक मस्ती ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देने के लिए खेल और शारीरिक गतिविधियां जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने में समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। मैराथन के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्ति का संदेश लोगों तक पहुंचाया जा सकता है। फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 का आयोजन 27 सितंबर को सूरजकुंड मेला ग्राउंड में होगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बतौर मुख्य अतिथि मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इच्छुक प्रतिभागी आधिकारिक वेबसाइट पर पंजीकरण करा सकते हैं।