महिलाएं आईटीआई में आत्महत्या रोकथाम पर जागरूकता कार्यक्रम
बीके अस्पताल, मेंटल हेल्थ विभाग और रेडक्रॉस सोसाइटी की ओर से हुआ कार्यक्रमसंवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-18 स्थित महिला आईटीआई में इंटरनेशनल सुसाइड प्रिवेंशन वीक पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम हुआ। इस कार्यक्रम का आयोजन बीके हॉस्पिटल, मेंटल हेल्थ विभाग और रेड क्रॉस सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम में मनोचिकित्सक सामाजिक कार्यकर्ता अनुराग भाटी और नशा मुक्ति केंद्र के प्रोजेक्ट डायरेक्टर धर्मेंद्र कसाना ने छात्राओं को आत्महत्या के कारणों और इसके रोकथाम के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विशेषज्ञों ने बताया कि मानसिक तनाव, पारिवारिक दबाव, नशे की लत और पढ़ाई या रोजगार से जुड़ी समस्याएं अक्सर युवाओं में अवसाद और आत्महत्या के विचारों को जन्म देती हैं।
सामाजिक कार्यकर्ता अनुराग भाटी ने छात्राओं से खुलकर बातचीत की और उन्हें जीवन में आने वाली कठिनाइयों का सामना सकारात्मक दृष्टिकोण से करने की सलाह दी। धर्मेंद्र कसाना ने नशे से दूर रहने और आत्मविश्वास बनाए रखने पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने भी अपने सवाल रखे और विशेषज्ञों से समाधान प्राप्त किया।