- जेसी बोस विश्वविद्यालय में विशेषज्ञ व्याख्यान, छात्रों को तनाव प्रबंधन के दिए टिप्स
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जेसी बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कंप्यूटर साइंस एवं एप्लीकेशंस विभाग की ओर से छात्र स्वास्थ्य एवं परामर्श विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किया गया, जिसमें 150 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता, भावनात्मक संतुलन और तनाव प्रबंधन को बढ़ावा देना था। विशेषज्ञों ने बताया कि शैक्षणिक सफलता और मानसिक स्वास्थ्य का गहरा संबंध है, इसलिए दोनों पर समान ध्यान देना जरूरी है। मुख्य वक्ता चक्षिता एम ने तनाव, चिंता और अवसाद से निपटने के प्रभावी उपाय बताए। उनके संवादात्मक अंदाज ने छात्रों को खुलकर चर्चा करने के लिए प्रेरित किया। कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष डॉ. शिल्पा मुंजाल ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी माहौल में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता बेहद जरूरी है। कार्यक्रम के अंत में छात्रों के समग्र विकास में मानसिक संतुलन को सर्वोपरि बताया गया।