संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। गांव दयालपुर से मच्छगर की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर देर रात करीब तीन घंटे तक जाम लगा रहा। सड़क के बीचोंबीच एक भारी वाहन पलट जाने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई लोग अपने परिवार के साथ घंटों जाम में फंसे रहे। खासकर नौकरी से लौट रहे लोगों और एंबुलेंस चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। यह सड़क केजीपी को जोड़ती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा इंतजाम नहीं होने की वजह से आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। जाम के दौरान कई वाहन चालकों ने वैकल्पिक रास्तों का सहारा लिया, लेकिन वहां भी वाहनों का दबाव बढ़ने से स्थिति खराब हो गई।