संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। नगर निगम फरीदाबाद की महापौर परवीन बत्रा जोशी को ओमैक्स हाईट्स सेक्टर-86 की समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन मनोनीत पार्षद प्रियंका बिष्ट बुधानी की ओर से सौंपा गया, जिसमें क्षेत्र की कई गंभीर समस्याओं के समाधान की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि क्षेत्र में खतरनाक कुत्तों को चिन्हित कर सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जाए। साथ ही मुख्य सड़कों पर लगी खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने और कूड़ा डंपिंग की समस्या खत्म करने तथा सड़कों पर बड़े पेड़ों की शाखाओं की समय-समय पर छंटाई करने की मांग भी रखी गई।
इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी ग्रेटर फरीदाबाद मंडल के उपाध्यक्ष मनीष चौधरी और उनकी टीम भी मौजूद रही। महापौर परवीन बत्रा जोशी ने आश्वासन दिया कि सभी विभागों को शीघ्र ही आवश्यक निर्देश जारी किए जाएंगे और नागरिकों को इसका परिणाम जमीनी स्तर पर स्पष्ट रूप से दिखाई देगा।