50 दिन से धरने पर बैठे हैं ग्रामीण
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। रिवाजपुर गांव में कूड़ाघर के विरोध में धरना लगातार 50 दिन से चल रहा है। अभी तक नगर निगम और लोगों के बीच समझौता नहीं हो पाया है। दूसरी ओर रिवाजपुर संघर्ष समिति का प्रतिनिधिमंडल चंडीगढ़ में मुख्य सचिव संजीव कौशल से मिला और कूड़ाघर नहीं बनाने को लेकर ज्ञापन सौंपा।
संघर्ष समिति की ओर से नचौली गांव के पारस भारद्वाज, दादसिया से कुलदीप त्यागी और महावतपुर गांव से रवि चौहान ने मुख्य सचिव के समक्ष अपनी बात रखी। समिति का कहना है कि कूड़ाघर रिवाजपुर में बनाने का प्रशासनिक फैसला तर्क संगत नहीं है क्योंकि प्रस्तावित जगह घनी आबादी से घिरी हुई है। आसपास स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, चिकित्सा केंद्र व बीपीएल कॉलोनी है। गांव दादासिया में रेनीवेल के ट्यूबवेल लगे हुए हैं जिससे शहर में पेयजल की सप्लाई होती है। कुलदीप त्यागी ने धरने के मौजूदा हालात से अवगत कराया, जिसमें बुजुर्ग महिलाएं और बच्चे लू में बैठ कर सरकार के इस फैसले का विरोध कर रहे हैं। रवि चौहान ने कूड़ाघर के विरोध में आसपास के गांवों की एकजुटता के बारे में बताया।